इस साल का स्वतंत्रता दिवस कोरोना योद्धाओं के नाम, पढ़िए पूरी ख़बर

उदकोरोना काल में बिहार में 74वां स्वतंत्रता दिवस समारोह एहतियात बरतते हुए मनाया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान में झंडोत्तोलन किया। इसके साथ पूरे राज्य में राष्ट्रध्वज फहराया गया। कोरोना संकट में सतर्कता के साथ आयोजित समारोह में देशभक्ति व उल्लास का माहौल रहा।
80 कोरोना योद्धाओं को मिला विशेष अतिथि का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए पटना गांधी मैदान को सजा संवार के सुबह ही तैयार कर दिया गया था। वहां 80 कोरोना योद्धाओं के लिए अलग से दीर्घा भी बनाई गई थी जहां फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए कुर्सियां लगाई थीं। वहां लगाए गए वीआईपी सोफों पर उनके सम्मान में क्राॅस के निशान लगाए गए थे जिससे कि आसानी से पहचान हो सके।
इस बार स्वतंत्रता सेनानी शामिल नहीं हो सके
करीब 8:30 बजे तक समारोह शुरू हुआ और परेड की टुकड़ीयां मैदान पर उतर गई थीं। लेकिन इस बार स्वतंत्रता सेनानियों को आमंत्रित नहीं किया जा सका। इस बार खास तवज्जो कोरोना सेनानी को दी गई जो राज्य की खूब मन से सेवा कर रहे हैं।
इस बार समारोह में 80 कोरोना सेनानी आमंत्रित हुए। वहीं, कोरोना संक्रमण से बचने के लिए मुख्य द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई। गांधी मैदान में इस दफा कुल पांच सौ अतिथियों की उपस्थिति दर्ज की गई। आम लोग आमंत्रित नहीं हुए।
मुख्यमंत्री का स्वागत इन्होंने किया
आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल, आइजी संजय कुमार और डीएम ने मुख्यमंंत्री के गांधी मैदान पर पहुंचने पर अगुवाई की। 8:53 पर मुख्यमंत्री ने खुली जीप पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। सीएम ने सीआरपीएफ, एसएसबी, एसटीएफ, बीएमपी, बीएमपी महिला, बिहार पुलिस, बिहार पुलिस महिला, होमगार्ड ग्रामीण, होमगार्ड शहरी, श्वान दस्ता और अग्निशमन के साथ ही ब्रास बैंड का एक-एक कर निरीक्षण किया।
कोरोना सेनानी की दीर्घा के सामने भी सीएम ने सम्मान व्यक्त करते हुए सल्यूट किया। फिर 8:58 पर झंडोत्तोलन होने के बाद स्वतंत्रता दिवस के उल्लास में मग्न हो गया। सभी ने अपनी जगह पर खड़े हो कर देश और राष्ट्रध्वज के सम्मान में राष्ट्रगान गाया। इसके बाद तीन रंगों का गुब्बारा आसमान में छोड़ा गया। इस दौरान गांधी मैदान की छटा, सुंदरता और आकर्षण देखने काबिल थी।
ठीक 9:00 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वहां मौजूद सभी अतिथियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
इस जगह सब से ऊंचा झंडा फहराया गया
अपको बात दें कि भागलपुर जंक्शन पर प्रमंडल का सबसे ऊंचा तिरंगा फहराया गया। वहीं, भारत-नेपाल सीमा पर स्थित मित्रता की निशानी मैत्री पुल पर राष्ट्रीय ध्वज को भी सलामी दी गई। रक्सौल के उपायुक्त सीमा शुल्क सदन आशुतोष कुमार सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
उधर, मधेपुरा के बीएन मंडल स्टेडियम में डीएम नवदीप शुक्ला और एसपी संजय कुमार ने झंडोत्तोलन किया और सलामी दी। शिवहर में देश की स्वतंत्रता को कायम रखने के संकल्प के साथ समाहरणालय मैदान में राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई।
अन्य खबरें पढ़ें सिर्फ बिहार एक्सप्रेस पर.